पंजोआ लड़ोली पंचायत में सबहितकारी सभा की कमेटी का गठन
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। पंजोआ लड़ोली पंचायत में सबहितकारी सभा कमेटी का गठन किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद बच्चों की मदद करना है। इस कमेटी का गठन गांव के सामाजिक और जिम्मेदार नागरिकों की अगुवाई में किया गया। कमेटी के प्रधान मदन धीमान बनाए गए हैं। जबकि, उपप्रधान पद की जिम्मेदारी दलजिंदर पठानिया को सौंपी गई है। इनके साथ सेक्रेटरी बलविंदर और कुशल धीमान को कोषाध्यक्ष बनाया गया। फतेह सिंह, सुभाष ठाकुर, विकास शमा और लखविंदर सहित कई अन्य सदस्यों को कमेटी में मनोनीत किया गया है। कमेटी के गठन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। सभा के सदस्यों ने मिलकर गांव के जरूरतमंद बच्चों को कॉपी और पैन वितरित किए। यह कदम बच्चों की शिक्षा में सहायक सिद्ध होगा और उन्हें प्रोत्साहन प्रदान करेगा। सभा ने भविष्य में भी इसी प्रकार से सामाजिक कार्यों को प्राथमिकता देने का संकल्प लिया है। गांववासियों ने इस पहल का स्वागत किया और कमेटी के सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। यह पहल न केवल समाज सेवा का प्रतीक है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायक भी है।