ऊना। आम आदमी पार्टी के पूर्व राज्य उपाध्यक्ष पूर्ण चंद ने कहा कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला एवं आसपास के क्षेत्र में आई प्राकृतिक आपदा ने भारी तबाही मचाई है। इस आपदा में जान-माल, फसल, पशुधन और आधारभूत संरचना को अत्यधिक नुकसान हुआ है। अनेक लोग बेघर हो गए हैं। सैकड़ों गांवों का संपर्क टूट गया है और जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। आपदा की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार और राज्य सरकार को मिलकर एक समन्वित एवं व्यापक विशेष राहत पैकेज की घोषणा करनी चाहि, जिससे प्रभावित लोगों को समय पर सहायता मिल सके। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और राज्य सरकार मिलकर हिमाचल प्रदेश के लिए विशेष आपदा राहत पैकेज जल्द से जल्द घोषित करे। मृतकों के परिवारों को एक करोड़ की आर्थिक सहायता और भोजन, पानी, दवाइयों की व्यवस्था करने, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बेघर हुए लोगों को शीघ्र आवास उपलब्ध कराना, किसानों के लिए फसल क्षति का मुआवजा, बीमा राशि का शीघ्र भुगतान, और ऋण माफी करने और टूटे हुए सड़क, पुल, स्कूल, अस्पताल आदि के पुनर्निर्माण के लिए विशेष बजट आवंटन करने की मांग की है।