ऊना। जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में वीरवार को सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारियों की बैठक आयोजित की गई जिसमें पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके साथ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार भाटिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं, लंबित मामलों और कल्याणकारी मांगों को अधिकारियों के समक्ष रखा। विशेष रूप से लंबित मेडिकल बिलों के भुगतान, पेंशन संबंधी मामलों तथा अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि सभी मांगों और समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा जिन मामलों का निस्तारण स्थानीय स्तर पर संभव नहीं है, उन्हें पुलिस मुख्यालय एवं सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी और कर्मचारी विभाग की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने अपने सेवाकाल में पुलिस विभाग को महत्वपूर्ण योगदान दिया है, इसलिए उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।