ऊना के इंदिरा मैदान पर बिलासपुर की टीम को आलआउट करने के बाद पेवेलियन की ओर आती हमीरपुर की टीम
अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत सोमवार को हुए दो मैच
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। अंतर जिला स्तरीय अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को दो मैचों की शुरुआत हुई। ऊना के इंदिरा गांधी क्रिकेट मैदान पर बिलासपुर और हमीरपुर तो संतोषगढ़ के पीसीपीए मैदान पर सोलन और कांगड़ा के बीच मुकाबला शुरू हुआ। पहले दिन के खेल समाप्त होने तक हमीरपुर की टीम बिलासपुर से 54 रन पीछे चल रही है, जबकि दूसरे मैच में सोलन ने 231 रन स्कोर बोर्ड पर जड़ दिए हैं।
ऊना के इंदिरा स्टेडियम पर हुए पहले मैच में टॉस जीत बिलासपुर की टीम ने बल्लेबाजी की। टीम 56.1 ओवर में 136 रन पर सिमट गई। बल्लेबाज वरुण ठाकुर ने सर्वाधिक 83 रन की पारी खेली तो अखिल 20 रन का योगदान दे पाए। हमीरपुर की ओर से गेंदबाजी में साहिल ने सर्वाधिक तीन, अक्षत, वरुण व ओम महादेव ने दो-दो विकेट हासिल किए। इसके बाद बल्लेबाजी करने के लिए उतरी हमीरपुर की टीम ने पहले दिन की खेल समाप्ति तक 31 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर 82 रन जोड़ लिए हैं। बल्लेबाज दिव्यांश शर्मा 30 और शौर्य 41 रन पर नाबाद बने हुए हैं।
बिलासपुर के गेंदबाज अभय, सक्षम व सार्थक ने एक-एक विकेट झटका है। हमीरपुर की टीम अभी 54 रन से पहले दिन की खेल समाप्ति तक पीछे चल रही है। दूसरे मैच में संतोषगढ़ के पीसीपीए क्रिकेट मैदान पर कांगड़ा और सोलन के बीच मैच हुआ। कांगड़ा ने टॉस जीत पहले गेंदबाजी की। सोलन ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक सभी विकेट गंवाकर 231 रन स्कोर बोर्ड पर जड़े हैं। बल्लेबाज हरमन ने 43, आयन राणा ने 26, जय आदित्य डोगरा ने 48, उदयवीर 33 व सत्यम ने 34 रन का योगदान टीम के लिए दिया। कांगड़ा के गेंदबाज संचित ने सर्वाधिक चार और विधान नंदा ने तीन विकेट हासिल किए हैं। दोनों मैचों में मंगलवार को दूसरे दिन का खेल शुरू होगा।