मात्र पांच घंटे में हुई मूसलाधार बारिश से 17.86 करोड़ तबाह
लोक निर्माण और जलशक्ति विभाग को हुआ ज्यादा नुकसान
बंगाणा, हरोली, ऊना विधानसभा क्षेत्र हुए सबसे ज्यादा प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में मात्र पांच घंटे हुई मूसलाधार बारिश से 17.86 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। अब तक बारिश से ऊना जिला को 39.82 करोड़ का नुकसान हो चुका है। बारिश के चलते विभिन्न विभागों और आमजन को नुकसान हुआ है। प्रशासन की ओर से बारिश के नुकसान की रिपोर्ट तैयार करके आगामी कार्रवाई के लिए सरकार को प्रेषित कर दी है। डीसी ऊना जतिन लाल के अनुसार लोक निर्माण विभाग को 8.65 करोड़ का नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा बंगाणा क्षेत्र में 3.80 करोड़ का नुकसान हुआ है। जबकि, हरोली में दो करोड़ 71 लाख रुपये का नुकसान आंका गया है। भारी बारिश के चलते मार्ग क्षतिग्रस्त हुए हैं तो दूसरी ओर जल शक्ति विभाग को भी 8.65 करोड़ का नुकसान आंका गया है। सबसे ज्यादा थानाकलां 2.93 करोड़ और अंब में 2.93 करोड़ का नुकसान आंका गया है। हरोली में एक करोड़ 93 लाख का नुकसान जलशक्ति विभाग की विभिन्न स्कीमें क्षतिग्रस्त होने से हुआ है। बिजली बोर्ड को भी इस बारिश से 4.48 लाख का नुकसान हुआ है। सबसे ज्यादा नुकसान ऊना और थानाकलां में भारी बारिश के चलते ट्रांसफार्मर और बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने से हुआ है। शिक्षा विभाग में भी चार दीवारें क्षतिग्रस्त होने से एक लाख से अधिक का नुकसान आंका गया है। दूसरी ओर पोल्ट्री फार्म में 10000 चूजे धमांदरी में बारिश की चपेट में आने से मरे हैं। पीड़ित को 15 लाख का नुकसान विभाग ने आंका है। दूसरी ओर एक पक्का मकान और दो कच्चे मकान भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। जबकि भारी-भारी से पांच गोशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। जहां 1,80,000 रुपये का नुकसान हो गया है। भारी बारिश के चलते चार लोगों के मकान और दुकानों में पानी घुसने से 1,40,000 रुपये का नुकसान आंका गया है।