संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में बीते करीब एक सप्ताह से विभिन्न क्षेत्रों में एक से दो घंटे तक बारिश का दौर जारी रहा, लेकिन यह बारिश पिछले साल के मुकाबले अभी तक कम रही है। जून-जुलाई माह में अभी तक 200 मिलीमीटर बारिश हुई है।
हालांकि जुलाई माह को 13 दिन बाकी हैं, जिसमें बारिश की उम्मीद है। वहीं, मौसम विभाग विशेषज्ञों की मानें तो अभी तक पिछले साल के मुकाबले बारिश कम रही है। शनिवार को जिले में कई दिनों के बाद तीखी धूप खिली। कई दिनों से सुहावने मौसम का लुत्फ ले रहे लोगों को अचानक गर्मी ने झटका दिया। दिन के समय तीखी धूप के साथ उमस ने लोगों को जमकर परेशान किया।
जानकारी के अनुसार जिले में सोमवार को अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 24 डिग्री सेल्सियस का आंकड़ा छू गया। ध्यान रहे कि बीते दिनों बारिश के चलते क्षेत्र का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से कम रहा था, लेकिन शनिवार को अचानक तापमान में उछाल आया। हालांकि गर्मी का आलम कुछ समय तक ही लोगों को परेशान करेगा। सोमवार और मंगलवार को क्षेत्र में फिर से बारिश हो सकती है।
इससे लोगों को गर्मी से तो राहत मिलेगी, लेकिन उमस के कारण परेशानी हो सकती है। मौसम विशेषज्ञ विनोद शर्मा ने बताया कि इस साल अभी तक क्षेत्र में बरसात कम पड़ी है। कहा कि अभी जुलाई माह के कुछ दिन शेष हैं, लेकिन पिछले साल अभी तक 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश हो चुकी थी। आने वाले दिनों में बारिश से गर्मी से तो राहत मिलेगी, लेकिन उमस का दौर जारी रहेगा।