ग्रामीण बोले-शिक्षा के तकनीकी स्तर को बढ़ावा देने की जरूरत
घर-द्वार पर मिले तकनीकी शिक्षा तो भविष्य का आधार होगा सशक्त
संवाद न्यूज एजेंसी
बंगाणा (ऊना)। उपमंडल बंगाणा क्षेत्र के बाशिंदों और पंचायत प्रतिनिधियों ने क्षेत्र में एक स्किल ओरिएंटल (कौशल केंद्रित) कॉलेज की स्थापना की मांग की है। पंचायत प्रधान विजय शर्मा, उप प्रधान अजय शर्मा, मनोज कुमार, सुशील कुमार और अजय धीमान, राम सिंह, विजय कुमार, राज कुमार, विनय कुमार सहित कई लोगों ने एक स्वर में कहा कि क्षेत्र में शिक्षा के तकनीकी स्तर को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदली से लठियाणी तक प्रस्तावित पुल के निर्माण से क्षेत्र में आवागमन की सुविधाएं बेहतर होंगी। इससे विकास के नए द्वार खुलेंगे। इसी के मद्देनज़र यदि यहां एक स्किल ओरिएंटल कॉलेज खोला जाता है तो यह न केवल स्थानीय छात्रों के लिए लाभकारी होगा बल्कि आसपास के गांवों के विद्यार्थियों को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने मांग की है कि इस कॉलेज में कम से कम पांच ऐसे तकनीकी कोर्स शुरू किए जाएं, जो आज के समय की आवश्यकता है और जिनके लिए छात्रों को दूरदराज के संस्थानों में जाना पड़ता है। विशेष रूप से मेडिकल से संबंधित कोर्स में लैब तकनीशियन, फार्मासिस्ट, मेडिकल असिस्टेंट, नर्सिंग और फिजियोथेरपी जैसे कोर्स शुरू किए जाने की मांग की गई है। प्रतिनिधियों का मानना है कि इस प्रकार की तकनीकी शिक्षा छात्रों को उनके घर-द्वार पर ही उपलब्ध होगी और अभिभावक भी अपने बच्चों को बेहतर तरीके से पढ़ा पाएंगे। इसके अलावा क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। लोगों ने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द इस दिशा में ठोस कदम उठाए जाएं ताकि युवाओं को उनके भविष्य के लिए सशक्त आधार मिल सके।