टाहलीवाल थाना पुलिस ने स्वां नदी के पास गांव बेला बाथू में की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
टाहलीवाल (ऊना)। ऊना जिले के टाहलीवाल थाना पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वीरवार को डीएसपी मोहन लाल रावत हरोली और थाना प्रभारी अशोक कुमार के नेतृत्व में बड़ी सफलता हासिल की। वहीं, स्वां नदी के नजदीक लगभग 3 किलोमीटर क्षेत्र में टीम ने गश्त और नाकाबंदी करते हुए 06 ट्रैक्टरों को अवैध खनन करते हुए पकड़ा।
इन ट्रैक्टरों के चालकों पर माइनिंग एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की गई है और उनसे 30,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। यह कार्रवाई न सिर्फ क्षेत्र में अवैध खनन की समस्या पर रोक लगाने का प्रयास है, बल्कि इससे पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और ऐसी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वह ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को प्रदान करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।