अंब (ऊना)। कटौहड कला में चोरों ने छह प्रवासियों के मोबाइल फोन चुरा लिए। लोगों के जाग जाने पर चोर मौके पर अपनी बाइक को छोड़कर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार कटौहड कलां में रविवार रात के लगभग दो बजे चोरों ने मोहम्मद सद्दाम, मोहम्मद हुसैनी, मोहम्मद यासिर, मोहम्मद इजहार, मोहम्मद दीनू और मोहम्मद आसिम सभी निवासी दैनिपुर दरभंगा बिहार की झोपड़ियों में घुसकर उनके मोबाइल फोन चुरा लिए।
इस दौरान उनके जाग जाने पर चोर भाग खड़े हुए। भागते वक्त स्टार्ट न हो पाने के कारण वह बाइक मौके पर ही छोड़ गए। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरों की शिनाख्त कर उनकी धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद