बोले, राम कथा सुनना और कराना दोनों ही अत्यंत सौभाग्य की बात
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। पंचायत टकारला में राम कथा का रविवार को धूमधाम से शुभारंभ हुआ। पहले दिन कथा वाचक निखिल महाराज ने श्रद्धालुओं को राम नाम की महिमा से परिचित कराते हुए कहा कि राम कथा सुनना और कराना दोनों ही अत्यंत सौभाग्य की बात है। यह कथा केवल सनातन धर्म के अनुयायियों तक सीमित नहीं, बल्कि समस्त मानवता के कल्याण का मार्ग है। राम नाम स्वयं में ब्रह्म है और इसी नाम के स्मरण मात्र से जीवन के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि अपने हर कार्य में राम नाम को साक्षी मानें और दिन-रात इस नाम का जप करें। राम नाम ऐसा महामंत्र है जो मन, वचन और कर्म को शुद्ध कर देता है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय श्रद्धालु कथा स्थल पर उपस्थित रहे और राम कथा का श्रवण कर अपने जीवन को धन्य किया।