कड्ड स्कूल में सड़क सुरक्षा जागरूकता को लेकर करवाईं प्रतियोगिताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब(ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कड्ड में सड़क सुरक्षा जागरूकता को लेकर विभिन्न प्रतियोगिताएं करवाई गईं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए नारा लेखन, पोस्टर मेकिंग, पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिता करवाई गई। प्रधानाचार्य रविकांत वशिष्ठ और समस्त स्टाफ की मौजूदगी में हुए इस आयोजन में बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतियोगिता के अंत में प्रधानाचार्य की ओर से विजेता प्रतिभागियों को इनाम देकर प्रोत्साहित किया गया। छठी से आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के बीच हुई प्रतियोगिता में नवजोत चौधरी पहले, मीनाक्षी दूसरे और रिद्धिमा तीसरे स्थान पर रहीं। नौवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए आयोजित नारा लेखन प्रतियोगिता में सिमरन ठाकुर ने प्रथम, कनिका ने द्वितीय और कोमल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इसी तरह चित्रकला प्रतियोगिता में रिशु वाला प्रथम, परव द्वितीय और ऋतिक भारद्वाज तृतीय स्थान पर रहे। भाषण में श्रुति ने पहला, नेहा ने दूसरा और अक्षिता ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य ने बच्चों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी और इन्हें अपने जीवन में अपनाने की सीख दी।