जोल (ऊना)। ग्राम पंचायत सोहारी स्थित श्री सिद्ध चानो मंदिर प्रांगण में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 24 अगस्त (रविवार) को वार्षिक दंगल मेले का आयोजन किया जाएगा। दंगल कमेटी प्रधान अनिल कुमार ने बताया कि फाइनल मुकाबले में विजेता पहलवान को 41 हजार रुपये तथा उपविजेता को 30 हजार रुपये की नगद राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी। मेले का शुभारंभ पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त थानेदार मंगतराम (वडूहा वाले) मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। इस बार का दंगल हिमाचल केसरी एवं राष्ट्रीय स्तर के नामी पहलवानों की मौजूदगी के कारण विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में कुश्ती मेले केवल खेल आयोजन ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक भी हैं। ये आयोजन जहां स्थानीय पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देते हैं, वहीं राष्ट्रीय स्तर के पहलवानों को भी आकर्षित करते हैं। इस अवसर पर नीलू सोहारी, सूबेदार दिलबाग सिंह सहित अन्य कमेटी सदस्य भी मौजूद रहे।