गगरेट (ऊना)। उपमंडल गगरेट के तहत एक निर्माण स्थल से शटरिंग सामग्री चोरी होने का मामला सामने आया है जिससे ठेकेदार को करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। मामले को लेकर पुलिस के पास शिकायत दर्ज करवाई गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ोह क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान 18 अप्रैल की रात अज्ञात लोगों ने साइट से करीब 20 प्लेट शटरिंग सामग्री चोरी कर ली। यह निर्माण कार्य राम मंदिर से बणे दी हट्टी मार्ग वाया अंदौरा अपरला जट्टां दा बेहड़ा तक चल रहा है, जिसमें पुल निर्माण भी शामिल है। चोरी की वारदात के बाद जब कामगारों ने सामग्री की जांच की तो सामान गायब पाया गया। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात लोग पिकअप वाहन में सामग्री लोड कर ले गए। घटना के बाद साइट पर काम भी प्रभावित हुआ है जिससे परियोजना की गति पर असर पड़ा है। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।