ऊना। पुलिस थाना सदर के तहत बहडाला गांव में स्थित एक ज्वेलर की दुकान में पहले देर रात चोरी का असफल प्रयास किया गया। यह बात जब आसपास फैली तो अगले दिन क्षेत्र के तीन युवकों ने दुकानदार की पिटाई कर दी।
पुलिस ने दुकानदार की शिकायत पर तीन आरोपी युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार दुकानदार राहुल सोनी निवासी चताड़ा तहसील व जिला ऊना ने पुलिस तो बताया कि वह बहडाला गांव में ज्वेलर की दुकान चलाता है। कहा कि बीते सोमवार को शाम के समय वह अपनी दुकान बंद करके गया। अगली सुबह आया तो दुकान के बाहर लगा सीसीटीवी गायब था और शटर पर लगे ताले को तोड़ने का प्रयास किया गया था। जब उसने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग चेक की तो उसमें देर रात करीब एक बजे दो लड़के उसकी दुकान की ओर आते दिखाई दिए। कुछ देर बाद उनके दो अन्य साथी वहां आए, जिसके बाद कैमरा बंद हो गया। दुकानदार ने पुलिस को बताया कि जब यह बात पूरे बाजार में फैल गई तो मंगलवार को चार लड़के अभिषेक, शिव कुमार निवासी शिमला, गौरव व साहिल निवासी बहडाला उसकी दुकान पर आए और कहने लगे कि हमने तेरी दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश की है, लेकिन कोई सामान चोरी नहीं किया है। इस बारे में पुलिस से कोई शिकायत की तो देख लेंगे।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि जब उसने आरोपियों से कहा कि तुम लोगों ने मेरी दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश क्यों की, तो उन्होंने गाली-गलौज किया। वहीं, आरोपियों ने दुकान का रात के समय ताला तोड़ने व दीवार की ईंटें उखाड़कर चोरी करने की भी कोशिश की। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है।