थानाकलां (ऊना)। हिमाचल प्रदेश हैमर बॉल एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक बुधवार को आशीर्वाद होटल में हुई। अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश राम सहोता ने की। सर्वप्रथम पहलगाम की घटना पर मौन रखकर मारे गए सैलानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसमें एसोसिएशन के पदाधिकारी, सदस्य एवं खेल जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया। बैठक में आगामी प्रतियोगिताओं की रूपरेखा तैयार की गई तथा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण शिविरों की योजना पर गहन चर्चा हुई। निर्णय लिया कि द्वितीय सीनियर नेशनल हैमर बॉल चैंपियनशिप का आयोजन जिला ऊना के बंगाणा क्षेत्र में किया जाएगा। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 23, 24 और 25 जून को डुमखर खेल मैदान में संपन्न होगी। इस अहम बैठक में डॉ. पंकज राणा, विनोद शर्मा, विशाल भारती शर्मा, अमन शर्मा, यशवीर सिंह राणा, सुमित शर्मा, रणधीर सिंह, प्रवीण शर्मा, संजय सिंह सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।