गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों से लोगों का जागरूक करेंगे नाट्य दल
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। हिमाचल सरकार की अनुसूचित जाति कल्याण योजनाओं के प्रचार के लिए प्रदेशभर में अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत ऊना जिले में विशेष जागरूकता अभियान का दूसरा चरण छह अक्तूबर से शुरू होगा। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के नाट्य दल गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं और उनके लाभ की जानकारी देंगे। विभाग के निदेशक राजीव कुमार ने बताया कि पहला चरण पूरा हो चुका है। दूसरे चरण में जिले के 10 अनुसूचित जाति बहुल गांवों में कार्यक्रम होंगे, जिनमें नशामुक्ति और सामाजिक जागरूकता पर भी फोकस रहेगा। पूर्वी कलामंच जलग्रां टब्बा की ओर से छह से 10 अक्तूबर तक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। छह को बल्ह खोली व डडियार, सात को धमांदरी और कुरियाला, आठ को सलोह अपरला व दुलैहड़ अपरला, नौ को खड्ड खास व कुंगड़त और 10 अक्तूबर को बसोली अपरली और सासन में जागरूकता कार्यक्रम होगा।