संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। डेरा बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी में आयोजित होने वाले होली मेला की तैयारियों को लेकर एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने मेला क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था को देखा और रास्ते में बाधा बन रहे अतिक्रमण को हटवाया। इस दौरान उन्होंने डेरा बाबा बड़भाग सिंह बेरी साहिब, मंजी साहिब और चरण अजीत दरबार सहित अन्य धार्मिक स्थलों के प्रतिनिधियों से बात की और उन्हें जरूरी निर्देश दिए। एसडीएम ने मेले में तैनात होने वाले अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों के रहने व अन्य प्रबंधों की व्यवस्था को भी परखा। इस मौके पर उनके साथ डीएसपी अंब अनिल पटियाल भी मौजूद रहे। एसडीएम ने बताया कि मेले के प्रबंधों की समीक्षा के लिए 21 फरवरी को दोपहर बारह बजे मैड़ी के अजीत दरबार में एक बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू भी शामिल होंगे। बैठक में मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जाएगा ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।