चकसराय (ऊना)। उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत त्याई के गांव कड़प स्थित गुग्गा जाहरवीर मंदिर में गुग्गा नवमी का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर में पारंपरिक रूप से झंडा चढ़ाने की रस्म अदा की गई। गुग्गा जाहरवीर के दर्शन और आशीर्वाद के लिए ऊना जिले के विभिन्न क्षेत्रों के अलावा पंजाब के सीमावर्ती इलाकों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की आवाजाही से माहौल भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने गुग्गा जाहरवीर के समक्ष माथा टेककर रोट प्रसाद और झाड़ू चढ़ाया। लोगों ने परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।