निदेशक प्रो. मनीष गौड़ बोले- शिक्षा राष्ट्र की तकनीकी और आर्थिक प्रगति की नींव
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपल आईटी) ने सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल रायसरी के छात्रों के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित शिक्षा पर जागरूकता सत्र आयोजित किया। कार्यक्रम में छठी से आठवीं कक्षा के 40 छात्रों ने भाग लिया। सत्र का उद्देश्य छात्रों में जिज्ञासा जगाना, शिक्षा के महत्व को समझाना और इन क्षेत्रों में उपलब्ध विभिन्न करियर विकल्पों से परिचित कराना था। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित के विषयों के महत्व पर जोर देने के साथ-साथ इस सत्र में संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) की प्रक्रिया और इससे मिलने वाले इंजीनियरिंग और संबंधित क्षेत्रों में कॅरिअर के अवसरों के बारे में भी जानकारी दी गई। छात्रों को जेईई परीक्षा की तैयारी, पात्रता मानदंड और आईआईटी, एनआईटी और ट्रिपल आईटी जैसे प्रमुख इंजीनियरिंग संस्थानों में स्नातक पाठ्यक्रमों के लिए इस परीक्षा के महत्व को समझाया गया। कार्यक्रम में इंटरएक्टिव चर्चाएं, केमिस्ट्री, फिजिक्स, इंग्लिश, कंप्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक्स लैब का दौरा, और संस्थान की खेल सुविधाओं का अवलोकन शामिल था। इस अवसर पर ट्रिपल आईटी ऊना के निदेशक प्रो. मनीष गौड़ ने छात्रों को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करते हुए कहा विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित शिक्षा एक राष्ट्र की तकनीकी और आर्थिक प्रगति की नींव है। विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, और गणित शिक्षा के प्रति जागरूकता के साथ-साथ जेईई प्रक्रिया को समझना इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में कॅरिअर बनाने वाले छात्रों के लिए महत्वपूर्ण है। यह सत्र शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार की प्रमुख योजना उन्नत भारत अभियान के उद्देश्यों के अनुरूप था, जिसका लक्ष्य उच्च शैक्षणिक संस्थानों के ज्ञान और विशेषज्ञता का उपयोग करके ग्रामीण क्षेत्रों में बदलाव लाना है।