ऊना। दिवाली पर पटाखों की बिक्री को लेकर प्रशासन की ओर से किए गए इंतजाम धरातल पर बेअसर नजर आ रहे हैं। पटाखों की दुकानें लगाने के लिए बाल स्कूल मैदान को निर्धारित किया गया है लेकिन दिवाली से ठीक पहले यह मैदान खाली पड़ा है। दूसरी ओर शहर के बाजारों और विभिन्न स्थानों पर पटाखों की दुकानें धड़ल्ले से सज गई हैं। शहर की खोखा मार्केट, जीवन मार्केट, सांग्रा मार्केट, अरिंवद्र मार्केट, ऊना-हमीरपुर मार्ग समेत अन्य विभिन्न बाजारों का दौरा किया तो हालात देखकर ऐसा लगा कि मुख्य बाजार, ऊना-चंडीगढ़-धर्मशाला और हमीरपुर मार्ग के किनारे, मिनी सचिवालय से ही कुछ दूरी पर भी दुकानदारों को प्रशासन के आदेशों की कोई परवाह नहीं है। प्रशासन की ओर से निर्धारित स्थल पर दुकानें लगाने के निर्देशों के बावजूद खुलेआम हो रही इस मनमानी ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिवाली के दौरान बाजारों में भीड़भाड़ और पटाखों की बिक्री से जुड़े संभावित हादसों को ध्यान में रखते हुए बाल स्कूल मैदान को पटाखा बिक्री के लिए चिह्नित किया है। इसके पीछे मकसद पटाखों की दुकानों को एक ही स्थान पर व्यवस्थित करना और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है। निर्धारित मैदान में दुकानों के लिए जगह उपलब्ध करवाने के बावजूद वहां दुकानें नहीं लगना प्रशासनिक व्यवस्था की पोल खोल रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब पटाखों की बिक्री के लिए स्थान पहले ही तय कर दिया गया था तो फिर बाजारों में जगह-जगह दुकानें कैसे सज गईं। घनी आबादी वाले बाजारों में दुकानों के संचालन से किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में जान-माल का नुकसान होने की आशंका बनी हुई है। ऊना शहर में विभिन्न स्थानों पर बाजारों व एनएच किनारे पटाखों की बिक्री हो रही है। इस पर प्रशासन की तरफ से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
शहर में पटाखों की बिक्री के लिए बाल स्कूल का मैदान चयनित किया गया है। इसे लेकर निर्देश जारी किए गए हैं। नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई की जाएगी।
-अभिषेक मित्तल, एसडीएम ऊना