बोले, पंजाब के सट्टेबाजों ने हिमाचल प्रदेश को बनाया सुरक्षित अड्डा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। ऊना के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने प्रदेश सरकार, स्थानीय कांग्रेस नेताओं और पुलिस पर सट्टा माफिया को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद मैहतपुर की एक दुकान पर दूसरी बार छापे के दौरान 14 जुआरी पकड़े गए। दो महीने पहले भी इसी जगह लाखों रुपये नकद और 14 आरोपी पकड़े गए थे, जिसमें एक प्रदेश सरकार की समिति का सदस्य भी था। उस समय पुलिस टीम बदली गई और दो कर्मचारियों को निलंबित किया गया था, लेकिन सट्टा माफिया की गतिविधियां फिर जारी रहीं। प्रेस बयान में सत्ती ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को आर्थिक लाभ मिलने के कारण हिमाचल प्रदेश सट्टेबाजों का सुरक्षित अड्डा बन गया है और मुख्यमंत्री के चहेते नेता अवैध कारोबार को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने सरकार से स्पष्ट करने की मांग की कि सट्टा माफिया किसके संरक्षण में फल-फूल रहा है।