ढकियां पंजावर में सरदार रुड़का सिंह कल्याण समिति की बैठक में चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। किसान योद्धा सरदार रुड़का सिंह कल्याण समिति की बैठक रविवार को इंजीनियर बलवीर चौधरी की अध्यक्षता में ढकियां पंजाबर में हुई। बैठक में सहमति जताई गई कि निष्पक्ष प्रक्रिया के अभाव में प्रतिभाशाली युवाओं को नॉट सूटेबल किया जा रहा। प्रतिभा को नष्ट करने की प्रक्रिया जारी रही तो बहुत बड़ा आंदोलन किया जाएगा। बैठक में झलेड़ा में लगी किसान योद्धा सरदार रुड़का सिंह की प्रतिमा को ऊंचा करने पर सहमति जताई गई। बलवीर चौधरी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश लोकसेवा आयोग की ओर से ली जाने वाली परीक्षा में अधिक अंक लाने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में कम अंक देकर नॉट सूटेबल घोषित किया जा रहा है। कुछ समय पहले हिमाचल प्रदेश लोकसेवा आयोग में चयन प्रक्रिया के अंतर्गत 65 प्रतिशत अधिमान लिखित परीक्षा को दिया जाता था और 35 प्रतिशत अधिमान साक्षात्कार को दिया जाता। दुर्भाग्यवश वर्तमान में लिखित परीक्षा को अधिमान नहीं दिया जा रहा है। साक्षात्कार को अधिक अधिमान दिया जा रहा है। यह प्रतिभाशाली युवाओं के साथ धोखा है। इसलिए सरकार से आग्रह किया है कि चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए पहले वाली व्यवस्था कायम की जाए। ऐसा न हुआ तो समिति बड़ा आंदोलन खड़ा करेगी। इसके लिए प्रदेश सरकार जिम्मेदार होगी। बैठक में समिति के महासचिव कैप्टन अमरीक सिंह, सचिव पूर्व सैनिक सुभाष कौंडल, कोषाध्यक्ष मास्टर गुरमेश चौधरी, हरोली मंडल के अध्यक्ष जसपाल चौधरी, सचिव रविंद्र खसरू सहित अन्य उपस्थित रहे।