संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना )। कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल धुसाडा के पांचवीं कक्षा के छात्र संयम शर्मा का चयन 27 मार्च से 30 मार्च तक कटक( उड़ीसा )में होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय सब जूनियर राष्ट्रीय तलवारबाजी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। संयम शर्मा ने राज्य स्तरीय मुकाबलों में भी शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मेडल हासिल कर यह स्थान हासिल किया है। अब वे राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। संयम शर्मा के चयन से स्कूल परिवार और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। इस सफलता के लिए संयम के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन का धन्यवाद किया। कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल के एमडी संदीप शर्मा का कहना है कि संयम शर्मा खेलों के साथ-साथ पढ़ाई में भी अव्वल रहता है। स्कूल के सारे स्टाफ ने संयम की इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। राज्य फेंसिंग एसोसिएशन के प्रदेशाध्यक्ष शादी लाल गोस्वामी ने उम्मीद प्रकट की है कि संयम शर्मा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन कर प्रदेश और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। उधर एसोसिएशन के सचिव अतुल ठाकुर का कहना है कि तलवारबाजी की फोइल इवेंट में संयम शर्मा राज्य का प्रतिनिधित्व करेगा और इससे एसोसिएशन को संयम शर्मा से काफी उम्मीद है। संवाद