संतोषगढ़ के वार्ड आठ की नीलम कुमारी को नई दिल्ली में सीबीएसई प्रमाणित अंतरराष्ट्रीय हिंदी आलंपियाड अमृत कुंभ सम्मान-2023 से नवाजा गया है। नीलम कुमारी पत्नी दलजीत सिंह वार्ड नंबर दो संतोषगढ़ की निवासी हैं। नीलम स्वयं शिक्षक के तौर पर कार्यरत हैं तो पति जल शक्ति विभाग ऊना के तहत सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। नीलम की उपलब्धि से यहां परिवार गौरवांवित हुआ है तो संतोषगढ़ नगर सहित जिला एवं प्रदेश का नाम भी ऊंचा हुआ है। अमृत कुंभ सम्मान के लिए नीलम ने पंजीकरण किया था। हिंदी ओलंपियाड फाउंडेशन की ओर से 18 फरवरी को आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में अमृत कुंभ-2023 सम्मान समारोह सीडी देशमुख ऑडिटोरियम, इंडिया इंटरनेशनल सेंटर, नई दिल्ली में हुआ। इस सम्मान समारोह में आयोजकों की ओर से नीलम कुमारी को भी निमंत्रण मिला था। सम्मान के लिए नीलम की भेजी गई स्वरचित रचना का चयन सम्मान के लिए किया गया था। नई दिल्ली में नीलम कुमारी को नागालैंड एवं मिजोरम के पूर्व राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी, केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी, सेवानिवृत्त ले. जनरल नितिन कोहली, पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के पौत्र विभाकर शास्त्री, आईआरएस प्रदीप कुमार, डीन ऑफ कॉलेजेस दिल्ली विश्वविद्यालय, बलराम आदि अतिथियों की उपस्थिति में सम्मानित किया गया है। संवाद