बारिश ने रोकी रफ्तार, ताइक्वांडो में बेटियों ने दिखाया दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां/लठियाणी(ऊना)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लठियाणी में आयोजित जिला स्तरीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता प्राकृतिक चुनौतियों के बावजूद उत्साह और ऊर्जा के साथ संपन्न हुई। तेज बारिश और ठंडी हवाओं ने जहां कबड्डी, वॉलीबाल और हैंडबाल जैसे आउटडोर खेलों को प्रभावित कर दिया। वहीं, इंडोर खेल ताइक्वांडो में बेटियों ने अपने जज्बे और संघर्ष की शानदार मिसाल पेश की। बारिश के चलते मैदान में जलभराव हो गया था, जिससे अधिकांश खिलाड़ी अपने-अपने कक्षों में ही ठहरने को मजबूर रहीं। अक्तूबर में ठंड का ऐसा अहसास हुआ मानो दिसंबर का आगमन हो गया हो। फिर भी आयोजन समिति ने हिम्मत नहीं हारी और इंडोर प्रतियोगिताओं को प्राथमिकता देते हुए ताइक्वांडो मुकाबले सफलता पूर्वक कराए। इस दौरान 40 किलो वर्ग में करिपश (संतोषगढ़) प्रथम, सुहानी (बसोली) द्वितीय, गीता (करलूही) तृतीय स्थान पर रहे। 40 से 42 किलो वर्ग में शीतल (बसोली) प्रथम, नैंसी (संतोषगढ़) द्वितीय, महक (करलूही) तृतीय, 42 से 44 किलो वर्ग में संजना (संतोषगढ़) प्रथम, कोमल (बसोली) द्वितीय, अंकिता (करलूही) तृतीय रहे। 44 से 46 किलो वर्ग में जसबी ठाकुर (करलूही) प्रथम, शिवानी (बसोली) द्वितीय, शीना (संतोषगढ़) तृतीय रहे। 46–49 किलो वर्ग में पायल (संतोषगढ़) प्रथम, शामली (बसोली) द्वितीय रहे। 49 से 52 किलो वर्ग में कनिका (संतोषगढ़) प्रथम, कुलविंद्र (बसोली), सलोनी (ऊना) द्वितीय, आशिया (करलूही) तृतीय रहे। 52 से 59 किलो वर्ग में रितु चौधरी (संतोषगढ़) प्रथम, प्रिया (बसोली) द्वितीय रहे। इस दौरान आलओवर विजेता संतोषगढ़ व बसोली स्कूल रनर अप रहा।