प्रदर्शनी, गीत, कथा कथन, प्रश्न मंच और श्लोक वाचन की होंगी प्रतियोगिताएं
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मैहतपुर (ऊना)। हिमाचल शिक्षा समिति के सरस्वती विद्या मंदिरों में इस वर्ष 18 से 23 अगस्त तक संस्कृत सप्ताह मनाया जा रहा है। सामान्य रूप में यह आयोजन श्रावण पूर्णिमा से तीन दिन पूर्व और बाद तक होता है, परंतु अवकाश के कारण इस वर्ष तिथियां परिवर्तित की गई हैं। संस्कृत प्रांत प्रभारी प्रवीन शास्त्री ने बताया कि विद्यालयों में संस्कृत सप्ताह को उत्सव की तरह मनाया जाता है। छात्रों, आचार्यों और अभिभावकों की भागीदारी से यह कार्यक्रम उत्साहपूर्वक संपन्न होता है। उन्होंने कहा कि संस्कृत केवल आचार्यों या छात्रों तक सीमित नहीं, बल्कि सभी की है। यह हमें अतीत, परंपराओं, सभ्यता और सुसंस्कारों से जोड़ती है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में भी संस्कृत के महत्व को रेखांकित किया गया है। इसमें गणित, दर्शन, चिकित्सा, वास्तुकला और विज्ञान का विशाल भंडार है। इसे त्रिभाषा सूत्र में विकल्प के रूप में शामिल किया गया है और सरल ढंग से पढ़ाने पर यह रुचिकर बनती है। संस्कृत सप्ताह के दौरान विद्यालयों में प्रदर्शनी, गीत, कथा कथन, प्रश्न मंच और श्लोक वाचन प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।