विज्ञान स्नातक की तृतीय वर्ष की परीक्षा में पाया पांचवां स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब(ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय अंब की छात्रा संजना देवी ने 9.18 सीजीपीए प्राप्त करके विज्ञान स्नातक (नाॅन मेडिकल) तृतीय वर्ष की परीक्षा में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में पांचवां स्थान हासिल किया है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर दर्शन कुमार ने छात्रा संजना का महाविद्यालय में स्वागत करते हुए पुष्पगुच्छ देकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगल कामना की। महाविद्यालय की छात्रा की इस उपलब्धि पर प्राचार्य ने नकद पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कहा कि महाविद्यालय परिवार को अत्यंत हर्ष हो रहा है कि विश्वविद्यालय परीक्षा में मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर छात्रा ने न केवल अपने परिवार, शिक्षकों और कॉलेज का नाम गौरवान्वित किया है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी हैं। विश्वविद्यालय के टॉप टेन मेरिट में स्थान प्राप्त करना बहुत बड़ी उपलब्धि है और संजना ने पांचवां स्थान हासिल करके अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। संजना शुरू से ही पढ़ाई में अव्वल रही हैं और हमारे महाविद्यालयों की सीएससीए की महासचिव भी हैं। उनका इस तरह से हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में 5वें स्थान पर आना उनके लक्ष्य को सार्थक करता है। प्राचार्य प्रो. दर्शन कुमार ने महाविद्यालय के सभी विद्यार्थियों को उनसे प्रेरणा लेने को कहा।