हेडमास्टर राजेंद्र सिंह मेमोरियल फुटबाल टूर्नामेंट में दिखाया दमखम
पैरालंपिक हाई जंप चैंपियन निषाद कुमार की मौजूदगी ने खिलाड़ियों में भरा जोश
संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत चुरुडू में 13वां हेडमास्टर राजेंद्र सिंह मेमोरियल फुटबाल टूर्नामेंट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। तीन वर्गों सीनियर, वेटरन और अंडर-15 में खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। टूर्नामेंट का शुभारंभ सेवानिवृत्त हेल्थ सुपरवाइजर दिलबाग सिंह ने किया। आसपास के क्षेत्रों की कई टीमों ने भाग लिया और खेल भावना के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया। सीनियर वर्ग के फाइनल में सलोह क्लब ने जीडीसी क्लब पंजावर को 2-1 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। सलोह क्लब के खिलाड़ियों ने पूरे मैच में बढ़त बनाए रखी और शानदार प्रदर्शन किया। वेटरन वर्ग का फाइनल आरवी इंडस्ट्रीज गोरायां (पंजाब) ने जीता। टीम ने उत्कृष्ट रणनीति और अनुभव का प्रदर्शन करते हुए वेटरन फुटबाल क्लब चुरुडू को मात दी। अंडर-15 वर्ग का मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। बीएफसी खड और मदर प्राइड मलोटी (हमीरपुर) के बीच मैच बराबरी पर समाप्त हुआ। पेनल्टी शूटआउट में बीएफसी खड ने 4-2 से जीत दर्ज की। समापन समारोह में मुख्य अतिथि जिला पार्षद सतीश शर्मा ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन और आत्मविश्वास का संचार करते हैं तथा उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखते हैं। इस अवसर पर पैरालंपिक हाई जंप चैंपियन निषाद कुमार चौधरी की मौजूदगी ने खिलाड़ियों और दर्शकों का जोश दोगुना कर दिया। उन्होंने युवाओं से कहा कि मेहनत और लग्न के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।