दौलतपुर चौक कॉलेज में करवाई फ्रेशर पार्टी
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक में कला संकाय की ओर से शनिवार को फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कॉलेज प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा रहे। जबकि इसकी अध्यक्षता कला संकाय के विभागाध्यक्ष डॉ प्रियंका ने की। फ्रेशर पार्टी में रोहानी को मिस फ्रेशर और दिव्यांश को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। इसके अतिरिक्त वंश को मिस्टर पर्सनेलिटी और सिमरन को मिस पर्सनेलिटी का खिताब दिया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। प्राचार्य डॉ. अजय कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी जूनियर विद्यार्थी अनुशासन का पालन करें और अपने जीवन के उद्देश्यों को हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत करें। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और समय का सदुपयोग करने की प्रेरणा दी। उन्होंने यह भी कहा कि आज का युग प्रतियोगिता का युग है। जिसमें सफलता पाने के लिए विद्यार्थियों को हमेशा अपडेट रहना चाहिए। समन्वयक डॉ प्रियंका ने नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें कॉलेज की नियमावली और शैक्षणिक वातावरण से अवगत करवाया।