घनारी (ऊना)। भारतीय किसान यूनियन (सर्व) के प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर चमेल सिंह ने गगरेट विधानसभा क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग के काम पर सवाल उठाते हुए कहा कि विभाग सड़कों की मरम्मत तो कर रहा है, लेकिन सड़कों के किनारे पैदल चलने वालों के रास्तों की हालत अत्यंत खराब है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कई जगहों पर फुटपाथ टूटे हुए हैं। बरसात के मौसम में इनमें पानी भर जाने से पैदल यात्रियों को दिक्कतें होती हैं, इन टूटे रास्तों की वज़ह से कई पैदल चलने वाले लोग गिर भी जाते हैं और क्षेत्र में अधिकतर दुर्घटनाएं भी इन्हीं टूटे रास्तों की वज़ह से पेश आती हैं। ठाकुर चमेल सिंह ने विभाग से आग्रह किया कि राहगीरों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन फुटपाथों की भी मरम्मत की जाए। उन्होंने कहा कि इन फुटपाथों का महत्व भी सड़कों के बराबर ही है, क्योंकि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग पैदल चलते हैं। उन्होंने जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग की है। वहीं, लोक निर्माण विभाग के दौलतपुर चौक डिवीजन के अधिशासी अभियंता इंजीनियर एचजी कौशल ने कहा कि समस्या उनके ध्यान में है। इन रास्तों की मरम्मत शीघ्र करवा दी जाएगी।