एनसीसी विंग और रोड सेफ्टी क्लब ने की संयुक्त पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। राजकीय उत्कृष्ट महाविद्यालय दौलतपुर चौक में शनिवार को एनसीसी विंग के सहयोग से सड़क सुरक्षा क्लब की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का मुख्य उद्देश्य छात्रों एवं आमजन को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करना रहा। रैली की शुरुआत कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अजय कुमार ने हरी झंडी दिखाकर की। रैली कॉलेज परिसर से आरंभ होकर विश्राम गृह दौलतपुर तक गई और वहीं से वापस कॉलेज पहुंची। पूरे मार्ग में छात्रों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेशों और नारों के माध्यम से आम लोगों को सुरक्षित यातायात के महत्व से अवगत कराया। मुख्य संयोजक डॉ. सतिंदर कुमार ने छात्रों को सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों, हेलमेट व सीट बेल्ट के महत्व और यातायात अनुशासन का पालन करने के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं बल्कि जीवन की सुरक्षा का आधार है। कार्यक्रम में एनसीसी संयोजक प्रो. अर्श सिंह राणा, कॉलेज स्टाफ से प्रो. मनीषा, प्रो. नैना सिंह तथा रंजीत गुलेरिया भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना पैदा करना और समाज को सुरक्षित यातायात की दिशा में प्रेरित करना रहा।