नंगल-श्री आंनदपुर साहिब मुख्य मार्ग एक ब्रह्मपुर के निकट पेश आया हादसासंवाद न्यूज एजेंसी
नंगल (ऊना)। खूनी मार्ग के नाम से मशहूर नंगल-श्री आनंदपुर साहिब मुख्य मार्ग पर शनिवार को एक गंभीर सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक नौजवान की मौत हो गई और उसके साथ बैठी लड़की घायल हो गई। घायल लड़की को उपचार के लिए सिविल अस्पताल नंगल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार दिव्यांश, पुत्र जसवंत सिंह, निवासी चौहान नगर ढुगरी, लुधियाना, अपनी सहपाठी सौहानी, पुत्री रमेश कुमार, निवासी कांगड़ा, को चंडीगढ़ से उसके दादा की मृत्यु के कारण घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान ब्रह्मपुर के पास उनकी मोटरसाइकिल एक टैंकर से टकरा गई। इस हादसे में दिव्यांश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सौहानी घायल हो गई। सौहानी की हालत फिलहाल पूरी तरह ठीक बताई जा रही है।नंगल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक की शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मृतक और घायल लड़की एक ही कॉलेज में चंडीगढ़ में पढ़ते थे। उधर, जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर बलवीर सिंह ने बताया कि टैंकर चालक केसर सिंह, पुत्र शीतल सिंह, निवासी गांव गंभीरपुर, के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।