मेल-जोल बढ़ाने और अनुभव साझा करने का सशक्त माध्यम हैं सम्मान समारोह : शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। पुलिस लाइंस झलेड़ा में बुधवार को सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारी कल्याण संगठन की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले से संबंध रखने वाले 70 वर्ष से अधिक आयु के सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारियों के साथ-साथ दिवंगत पुलिस कर्मचारियों के परिजनों को शॉल, स्मृति-चिह्न और सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि पुलिस विभाग से डीआईजी पद से सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी आरएम शर्मा रहे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन केवल सम्मान तक सीमित नहीं होते, बल्कि सेवानिवृत्त जीवन में सक्रियता बनाए रखने, आपसी मेल-जोल बढ़ाने और अनुभव साझा करने का सशक्त माध्यम भी होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मंचों पर रिटायर्ड कर्मी अपनी व्यक्तिगत एवं सामूहिक समस्याएं साझा कर सकते हैं, जिससे उनके समाधान के नए रास्ते निकलते हैं। आरएम शर्मा ने कहा कि पुलिस सेवा से सेवानिवृत्त होने के बाद भी यह वर्ग समाज में अनुशासन, सेवा और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी सेवानिवृत्त पुलिस कर्मचारियों से जिंदादिली के साथ जीवन जीने, स्वास्थ्य का ध्यान रखने और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहने का आह्वान किया। सम्मान समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।