नगर पंचायत दौलतपुर चौक की बैठक में अतिक्रमण पर हुई चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। नगर पंचायत दौलतपुर चौक के सभा कार्यालय में बुधवार को महत्वपूर्ण बैठक सचिव बलदेव ठाकुर की अगुवाई में हुई। इसमें नगर पंचायत समिति के सातों वार्डों के सदस्य, प्रधान धर्मजीत सिंह की अगुवाई में शामिल हुए। व्यापार मंडल की टीम प्रधान राजीव राजू की अगुवाई में पुलिस प्रशासन व स्थानीय रेहड़ी फड़ी वालों सहित विभिन्न लोग उपस्थित रहे। बलदेव ठाकुर ने कहा कि दौलतपुर चौक बाजार में अतिक्रमण सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। कहा कि रेहड़ी फड़ी वालों को चलते रहने के साथ-साथ बस अड्डे की दुकानों पर भी अतिक्रमण को हटाना प्राथमिकता है। बस अड्डे पर नगर पंचायत की दुकानों के अतिक्रमण पर भी चर्चा हुई ताकि सवारियों को उतरने-चढ़ने में परेशानी न हो। बैठक में रेहड़ी फड़ी वालों को उचित दिशा-निर्देश दिए गए। राहगीरों के रास्ते पर रेहड़ी खड़ी न रखना, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना, कूड़ा डस्टबिन में डालने सहित उचित दिशा निर्देश दिए। व्यापार मंडल के सदस्यों को भी नालियों पर सामान न रखने एवं पाॅलिथीन का प्रयोग न करने के साथ नालियों में कूड़ा न फेंकने के बारे में आदेश दिए। नगर पंचायत सचिव बलदेव ठाकुर ने बताया कि पाॅलिथीन एवं प्लास्टिक की बोतलों पर भी एक जून से पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसमें स्थानीय दुकानदार सहयोग करें। उन्होंने दुकानदारों को आग्रह किया कि नालियों पर सामान न रखें और अतिक्रमण बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।