ऊना में भाजपा महिला मोर्चा की बैठक में मौजूद भाजपा महिला मोर्चा की महिलाएं।संवाद
ऊना। प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष वंदना योगी ने कहा कि कांग्रेस के छलावे और बहकावे की राजनीति को तीन राज्यों की जनता ने नकार दिया है। तेलंगाना में भाजपा का जनाधार काफी बढ़ा है। आगामी लोकसभा चुनाव में हिमाचल प्रदेश भी भगवामय होने को तैयार है। वंदना योगी सोमवार को एक दिवसीय ऊना प्रवास पर पहुंची। यहां भाजपा जिला अध्यक्ष बलवीर चौधरी और जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष अनु ठाकुर सहित महिला कार्यकर्ताओं ने भाजपा के दीप कमल कार्यालय में वंदना योगी का स्वागत किया। तीन राज्यों में भाजपा को मिली प्रचंड जीत का जश्न मनाया गया। इस दौरान पत्रकारों से वार्ता करते हुए वंदना योगी ने कहा कि हाल ही में महिला मोर्चा की रचना नए तरीके से हुई है। ऊना आने का उद्देश्य मोर्चा की पदाधिकारियों एवं सदस्यों से मिलना रहा है। आने वाले लोकसभा चुनाव में सभी निष्ठा एवं सजगता से कार्य में जुटें इसके लिए बैठक भी की गई है। उन्होंने कहा तीन राज्यों में प्रचंड जीत मिली है। राज्य की बहनों में कांग्रेस सरकार के प्रति खासा रोष है। कांग्रेस गारंटी हर गारंटी के लिए फेल है। कांग्रेस की छलावे बहकावे की राजनीति 60-70 वर्ष है, समाज देख रहा है। प्रदेश में गलती से चूक हुई है, हम सुधार करेंगे। लेकिन कांग्रेस को गारंटियां याद दिलाने से चूकेंगे नहीं। हिमाचल में प्रदेश सरकार को एक वर्ष हो गया है। अब कांग्रेस के खिलाफ जनता का अंतर विरोध रुकने वाला नहीं है। इसके बाद उन्होंने महिला मोर्चा के साथ भाजपा कार्यालय में बैठक भी की।