पंडोगा (ऊना)। स्वास्थ्य खंड हरोली और सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की ओर से विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर पंजावर में स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। शिविर में 60 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई, इनमें से 45 लोगों के मधुमेह सहित अन्य लैब टेस्ट निशुल्क किए गए। मरीजों को मौके पर दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं। साथ ही टीबी मुक्त अभियान के तहत एक्स-रे सुविधा भी प्रदान की गई। इस मौके पर डॉ. प्रदीप कुमार ने कहा कि बदलती जीवनशैली और खानपान की आदतों के कारण मधुमेह अब ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेजी से पैर पसार रहा है। शुरुआती दौर में लक्षण सामने नहीं आने के कारण यह बीमारी गंभीर रूप ले सकती है। ऐसे में 30 वर्ष की आयु के बाद नियमित रूप से मधुमेह की जांच करवाना जरूरी है। उन्होंने लोगों से नियमित व्यायाम करने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच करवाने, मोटे अनाज और हरी सब्जियों को भोजन में शामिल करने तथा अत्यधिक मीठे और पैकेट वाले पेय पदार्थों से परहेज करने का आह्वान किया।