ऊना के एमसी पार्क में बैठक के दौरान सीनियर सिटीजन फोरम के सदस्य ।संवाद
ऊना। जिला मुख्यालय के एमसी पार्क स्थित सीनियर सिटीजन फोरम कार्यालय में शुक्रवार सुबह फोरम की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता फोरम के अध्यक्ष जीआर वर्मा ने की। बैठक के दौरान विभिन्न सामाजिक और जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। फोरम अध्यक्ष जीआर वर्मा ने क्षेत्रीय अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती किए जाने पर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने अस्पताल में सभी विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने की मांग उठाई। उनका कहना था कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं अपने घर के समीप ही उपलब्ध होनी चाहिए ताकि मरीजों को बड़े शहरों की ओर रुख न करना पड़े। बैठक में शहर में बढ़ रही लावारिस कुत्तों की संख्या पर भी चिंता व्यक्त की गई। जीआर वर्मा ने कहा कि लावारिस कुत्तों के हमले लगातार बढ़ रहे हैं और बच्चे व बुजुर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा स्टेरलाइजेशन के दावे किए जाते हैं लेकिन धरातल पर स्थिति इसके विपरीत नजर आ रही है। उन्होंने इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की। फोरम ने जिला में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी चिंता जताई। जीआर वर्मा ने विशेष रूप से चिट्टे के बढ़ते प्रचलन को समाज के लिए बेहद खतरनाक बताया। उन्होंने कहा कि अब केवल युवक ही नहीं बल्कि युवतियां भी नशे की गिरफ्त में आ रही हैं, जो समाज के लिए गंभीर संकेत हैं। उन्होंने प्रशासन और समाज से मिलकर इस समस्या के खिलाफ सख्ती से अभियान चलाने का आह्वान किया। बैठक में बदलते सामाजिक परिवेश और पारिवारिक रिश्तों में बढ़ती दूरियों पर भी चर्चा हुई। जीआर वर्मा ने कहा कि पहले परिवारों में बच्चे अपने बुजुर्गों से संस्कृति, इतिहास, धर्म और संस्कारों की शिक्षा प्राप्त करते थे लेकिन अब मोबाइल फोन ने पारिवारिक संवाद को काफी हद तक सीमित कर दिया है। उन्होंने कहा कि युवाओं का अत्यधिक मोबाइल उपयोग चिंता का विषय बन चुका है और सड़क पर चलते समय भी मोबाइल में व्यस्त रहने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है।