अंब (ऊना)। रिश्वत लेने के आरोपी वन विभाग के रेंज ऑफिसर को अदालत ने चौदह दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी की एक दिन की रिमांड समाप्त होने पर विजिलेंस की तरफ से उसे शुक्रवार को अदालत के समक्ष पेश किया गया। जहां से अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गौरतलब है कि बुधवार को अंब में वन विभाग के अधिकारी को विजिलेंस की टीम ने दस हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। जबकि उसके सरकारी आवास से भी विजिलेंस की टीम ने नकदी बरामद की थी। जिसकी गिनती के बाद बयासी हजार रुपये नकद की बात सामने आई थी। इस संबंध में अधिकारी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया था। इसके पश्चात विजिलेंस की टीम की तरफ से अधिकारी के अमृतसर पंजाब स्थित आवास पर भी छापा मारा गया। अधिकारी पर आरोप है कि उसने पकड़े गए लकड़ी से लदे दो पिकअप ट्रॉलों को रिलीज करने के एवज में दस हजार रिश्वत ली थी। संवाद