बारिश से बचने के लिए इधर-उधर भटकते रहे श्रद्धालु
संवाद न्यूज एजेंसी
नैहरियां (ऊना)। उपमंडल अंब में शनिवार को बारिश से मैड़ी में बाबा बड़भाग सिंह मेले में आए श्रद्धालुओं को परेशानी झेलनी पड़ी। प्रशासन की तरफ से श्रद्धालुओं के लिए बारिश से बचने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई। ऐसे में जो श्रद्धालु अपनी आस्था के चलते अस्थायी बस स्टैंड से मैड़ी तक का सफर पैदल करते हैं, उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस दौरान श्रद्धालु बारिश के बीच सिर छुपाने के लिए जगह की तलाश करते नजर आए। प्रशासन की तरफ से अस्थायी तौर पर भी कोई व्यवस्था न होने से श्रद्धालुओं को मैड़ी तक पैदल पहुंचने के लिए परेशानी झेलनी पड़ी। प्रशासन की ओर से प्रत्येक वर्ष नैहरियां के समाधि वाला में अस्थायी बस अड्डा बनाया जाता है लेकिन मेले के आठवें दिन बारिश ने प्रशासन की सारी व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। श्रद्धालुओं को बारिश से बचाने के लिए कोई भी व्यवस्था नहीं की गई थी। श्रद्धालु इधर-उधर भटकते रहे। कुछ श्रद्धालु नैहरियां से बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी के लिए लगभग 3 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हैं। ग्राम पंचायत नैहरियां की प्रधान नीलम कुमारी ने कहा कि इसे लेकर प्रशासन को उचित व्यवस्था करनी चाहिए ताकि श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना न करना पड़े।