ऊना। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन उपलक्ष्य में ऊना के श्री राधा-कृष्ण मंदिर कोटला कलां में आयोजित महोत्सव में भाग लिया। इस दौरान मंदिर पहुंचकर उन्होंने राष्ट्रीय संत बाबा बाल जी का आशीर्वाद लिया।
इस दौरान कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा भी उनके साथ थे। उपमुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव की शुभकामनाएं दीं और सभी के सुख-समृद्धि की कामना कीं। बाबा बाल जी महाराज ने उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और विधायक विवेक शर्मा को पगड़ी और शॉल भेंट कर आशीर्वाद दिया। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि बाबा बाल जी आम जन को भगवान से जोड़ने का महान कार्य कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने श्री राधाकृष्ण मंदिर, कोटला कलां के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इससे पहले भी उन्होंने मंदिर में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 25 लाख रुपये प्रदान किए थे। साथ ही बिजली की समस्या के समाधान के लिए 250 केवी का ट्रांसफार्मर और मंदिर का भव्य गेट लगवाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी किए थे।
इस अवसर पर कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा की धर्मपत्नी मृदु शर्मा, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रणजीत राणा, प्रदेश कांग्रेस सचिव अशोक ठाकुर, डॉ. राकेश अग्निहोत्री सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।