बंगाणा (ऊना)। 24 से 26 जून तक आयोजित होने वाले जिला स्तरीय पिपलू मेला-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। निर्जला एकादशी के अवसर पर भगवान नरसिंह मंदिर में लगने वाले इस मेले में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक, खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 24 जून को लोक गायक काकू राम ठाकुर, 25 जून को गायक कुमार साहिल और सुनील मस्ती अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं 26 जून को हिमाचली गायक इंशात भारद्वाज और मोहित गर्ग और प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुलाब सिद्धू और नाटी किंग कुलदीप शर्मा प्रस्तुतियों से रंग जमाएंगे। उपमंडलाधिकारी बंगाणा एवं मेला समिति के अध्यक्ष सोनू गोयल ने बताया कि मेले को लेकर सारे इंतजाम लगभग पूरे कर लिए गए हैं। मेले में विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनियां, खेलकूद प्रतियोगिताएं, स्थानीय एवं उभरती प्रतिभाओं की प्रस्तुतियां तथा सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा।