पुल का जायजा लेते अधिकारियों की टीम
नंगल (ऊना)। दर्जनों गांवों को आपस में जोड़ने वाले उपमंडल नंगल के गांव एलग्रां में स्वां नदी पर बने पुल को आवाजाही के लिए बंद किए लगभग 6 महीने का समय हो चुका है। इसी पुल से थोड़ी दूर बनाया गया अस्थाई मार्ग भी बरसात के कारण बंद हो चुका है। इससे क्षेत्रवासियों की समस्या और बढ़ गई है।
उधर, नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल ने पंजाब सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त आदेश जारी किए हैं कि दर्जनों गांवों को जोड़ने वाला एलग्रां गांव से होकर गुजर रही स्वां नदी पर बना पुल आखिर बंद होने का कारण क्या है। इसकी रिपोर्ट 28 अगस्त से पहले तैयार कर भेजी जाए। उसी आदेशों के तहत पंजाब सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम गांव एलग्रां में इस पुल पर पंहुची और ग्रामीणों से जानकारी प्राप्त कर एक रिपोर्ट तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की। उधर, सुआड़ा निवासी अमरपाल और इस मुद्दे को लेकर बीते लंबे समय से अपनी आवाज बुलंद करते आ रहे एडवोकेट विशाल सैनी ने कहा कि इस पुल के बंद होने से दर्जनों गांवों का आपस में संपर्क पूरी तरह टूट गया है और अधिकतर गावों के निवासियों की जमीन दूसरी ओर है। उनको तो समस्या होगी ही और उन बच्चों का क्या होगा, जिनके स्कूल पुल के उस ओर अथवा इस ओर है।