संतोषगढ़ (ऊना)। नगर परिषद का नए बस अड्डे के पास कूड़े-कचरे से बंद हो चुके नाले पर नया निर्माण कार्य पूरा होने को है। नगर परिषद संतोषगढ़ की ओर बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए नगर के नालों और नालियों की सफाई का काम पिछले कई दिनों से करवाया जा रहा है। इसके लिए नगर परिषद ने जेसीबी व सफाई ठेकेदार के कर्मचारियों की मदद से नगर के नालों की सफाई शुरू की हुई है। नगर के मुख्य बस अड्डे के पास कई सालों से पुली के कचरे से बंद हो जाने के वजह से नगर परिषद ने इस पुली का निर्माण कार्य दोबारा से करवाने का काम ठेकेदार के माध्यम से शुरू किया था, जिसे अब लगभग पूरा कर लिया गया है। बस अड्डे के पास बंद पड़ी हुई इस पुली को दोबारा खोलकर इस पर नया स्लैब डाला जा रहा है, जिसका लगभग काम पूरा कर लिया गया है।
नए बस अड्डे के पास चल रहे निर्माण कार्य से कई दिनों से लोगों को थोड़ा परेशानी उठानी पड़ रही थी। दो-तीन दिन के भीतर ही इस पुली से दोबारा यातायात शुरू हो जाएगा। पुली के निर्माण कार्य में लगे ठेकेदार भूषण प्रहलाद और रमेश शर्मा ने बताया कि बरसात के मौसम के चलते गंदगी से बंद हो चुकी इस पुली को खोल दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस पूली के नीचे से गुजरने वाले पानी के पाइप को भी बढ़िया तरीके से दुरुस्त कर दिया गया है।
वहीं, नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता हर्ष रतन ने बताया कि बस अड्डे के पास बंद पड़े नाले को खोलकर उसे दोबारा से नई पुली का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है, जो कि एक-दो दिन के भीतर पूरा हो जाएगा। जिसे जल्द जल्द ही यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को बरसात के मौसम में परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए नगर में नालों और नालियों को दुरुस्त व साफ किया जा रहा है।