ऊना। सार्वजनिक स्थान बस अड्डा, अस्पताल परिसर, शिक्षण संस्थान परिसर समेत सार्वजनिक स्थानों पर बीड़ी-सिगरेट के कश की लत भारी पड़ रही है। परिवार और दोस्तों के बीच बीड़ी-सिगरेट के आदी व्यक्ति को कश लगाने पर न केवल जुर्माना भरना पड़ रहा है बल्कि शर्मिंदा भी होना पड़ रहा है। तीन दिन के दौरान ऊना पुलिस ने विभिन्न उपमंडलों में 62 लोगों के चालान किए हैं। चालान के रूप में उनसे 100-100 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। हर रोज पुलिस औसतन 20 लोगों के सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने के चालान काट रही है। शनिवार को जिले में 11 व्यक्तियों के चालान कर उनसे 100-100 रुपये वसूले गए। पुलिस कर्मचारियों के अनुसार सभी सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान न करने को लेकर चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। इसके बावजूद कई लोग नियमों की अवहेलना कर रहे हैं। ऐसे में उन्हें जुर्माने के साथ दूसरी बार पकड़े जाने पर अधिक जुर्माने की हिदायत भी दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि पुलिस की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। संवाद