पंडोगा (ऊना)। राजकीय उच्च विद्यालय अपर बढ़ेड़ा में बुधवार को किशोरावस्था दिवस के उपलक्ष्य में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का आयोजन हरोली खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिंगारा सिंह के निर्देशानुसार किया गया। एमएचएस मोहन लाल ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने बच्चों को दांतों की नियमित साफ-सफाई और व्यक्तिगत स्वच्छता का महत्व बताया । उन्होंने विद्यार्थियों को आयरन एवं फोलिक एसिड की गोलियों के सेवन के बारे में भी विस्तार से बताया। शिविर में परामर्शदाता रुचि ने किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक बदलावों, मानसिक स्वास्थ्य और संतुलित पोषण से जुड़े विभिन्न पहलुओं के बारे में विद्यार्थियों को जागरूक किया।