दौलतपुर चौक (ऊना)। ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को वित्तीय रूप से जागरूक करने के लिए सोमवार को पिरथीपुर में वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) तथा कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की दौलतपुर चौक शाखा के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। शिविर में कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की ग्रेड-3 शिखा और सहायक अंशुल डडवाल ने ग्रामीणों को बैंक की विभिन्न सेवाओं और सरकार की ओर से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने लोगों को इन योजनाओं का उद्देश्य, पात्रता और उनसे मिलने वाले लाभों के बारे में बताया। इस दौरान ग्रामीणों को बचत खाते, बैंकिंग सुविधाओं, डिजिटल लेनदेन, ऑनलाइन बैंकिंग और वित्तीय सुरक्षा के महत्व से भी अवगत करवाया गया। बैंक प्रतिनिधियों ने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी।