ऊना। हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन (एचपीएसएलए) ने सरकार से आग्रह किया है कि प्रिंसिपल और उप निदेशक के रूप में एक वर्ष से कम की सेवा वाले शिक्षकों को भी पदोन्नति दी जाए। वीरवार को जारी बयान में एसोसिएशन के प्रेस सचिव राजन शर्मा ने बताया कि खासकर उन शिक्षकों के लिए जो कई वर्षों से अपनी पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे हैं, उनको भी अवसर मिलना चाहिए। एचपीएसएलए के सदस्यों का तर्क है कि काफी समय से प्रमोशन न होने के कारण या अन्य किसी कारण से कई वरिष्ठ कर्मचारियों को पदोन्नति का अवसर नहीं मिल पाया। कई प्रिंसिपल कार्यवाहक डिप्टी डायरेक्टर के रूप में भी कार्य कर रहे हैं। कई कर्मचारी वर्ग की सेवानिवृत्ति के लिए भी अब कुछ समय ही रह गया है। लेक्चरर संघ ने कहा कि प्रभावित शिक्षकों में से कई ने अपने विशिष्ट समर्पण नेतृत्व और अकादमिक प्रदर्शन के माध्यम से उत्कृष्टता हासिल की है। इन शिक्षकों में से कई ने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में वर्षों से काम किया है। स्कूल विकास और छात्र सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इतनी समर्पण के बाद उन्हें शीघ्रता से पदोन्नति मिलनी चाहिए। स्कूल प्रिंसिपलों की प्रमोशन सूची व डिप्टी डायरेक्टर की प्रमोशन सूची शीघ्र जारी की जाए। संवाद