बंगाणा (ऊना)। अटल बिहारी वाजपेयी राजकीय महाविद्यालय बंगाणा में वीरवार को कॉफी विद प्रिंसिपल कार्यक्रम के दूसरे सत्र का आयोजन किया गया। यह पहल उन विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से की गई है, जिन्होंने कक्षा और पुस्तकालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज कर अनुशासन और लग्न का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की शुरुआत में चयनित विद्यार्थियों ने महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रमेश ठाकुर के प्रति आभार व्यक्त किया। डॉ. ठाकुर ने आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए कहा कि कॉफी विद प्रिंसिपल केवल उत्कृष्ट छात्रों को सम्मानित करने का मंच नहीं है, बल्कि यह छात्रों और प्रशासन के बीच रचनात्मक संवाद की एक सशक्त पहल है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन प्रत्येक माह की पहली तिथि को किया जाता है, जिसमें अकादमिक गतिविधियों में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आमंत्रित किया जाता है। डॉ. ठाकुर ने कहा कि ऐसे संवाद विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संवाद कौशल विकसित करने में सहायक सिद्ध होंगे।