गगरेट (ऊना)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार को गगरेट बाजार कृष्ण भक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। इस अवसर पर धार्मिक आयोजन कमेटी गगरेट द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान पूरा नगर नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की के जयघोष से गूंज उठा। बैंड बाजों और धार्मिक धुनों के बीच श्रद्धालु झूमते-नाचते हुए शोभायात्रा का हिस्सा बने। शोभायात्रा की शुरुआत श्री राधे श्याम मंदिर परिसर से ठाकुर बाल गोपाल की पालकी को नंगे पांव कंधों पर उठाकर की गई। सजे-धजे स्वरूप में ठाकुर की पालकी जैसे-जैसे नगर के बीच से आगे बढ़ी, पालकी को देखने और भगवान के दर्शन करने के लिए मार्ग में लोगों की भीड़ उमड़ती गई। शोभायात्रा कलोह चौक, ऊना रोड, गगरेट चौक और मुख्य बाजार से गुजरते हुए भरवाईं रोड स्थित गगरेट आर्मी ग्राउंड पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने ठाकुर लड्डू गोपाल के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और प्रसाद ग्रहण किया। यात्रा में भगवान मुरली मनोहर से जुड़ी मनमोहक झांकियां शोभा बढ़ा रही थीं। भगवान शिव और भूत-प्रेतों की टोली के रूप में कलाकारों द्वारा प्रस्तुत शिव तांडव ने भी लोगों का खूब ध्यान खींचा। श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए घरों की छतों से महिलाओं ने पुष्पवर्षा की जबकि जगह-जगह फल, शरबत और शीतल पेयजल वितरित किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक चैतन्य शर्मा ने बच्चों को पेंसिल किटें, चॉकलेट व ट्रॉफियां भेंट कीं तथा पालकी को कंधा देकर अपनी सहभागिता निभाई। जिला परिषद सदस्य सुशील कालिया ने भी पालकी उठाई। आयोजन में नगर पंचायत अध्यक्षा मंजू जसवाल, उपाध्यक्ष विकास कालिया, वार्ड पार्षद विकास शर्मा, बीडीसी सुमन कुमार सहित आयोजन समिति के सदस्य और श्रद्धालु उपस्थित रहे।