मैहतपुर (ऊना)। पंडित देवीदास शास्त्री सरस्वती विद्या मंदिर उच्च विद्यालय कटोहड़ खुर्द की प्रधानाचार्य मीनाक्षी शर्मा को एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड से नवाजा गया है। सरस्वती विद्या मंदिर कटोहड़ खुर्द में पिछले 12 वर्षों से बच्चों की शिक्षा के उत्थान के लिए कार्य कर रही मीनाक्षी शर्मा ने तकनीकी शिक्षा मंत्री से अवार्ड प्राप्त किया। अमर उजाला के सौजन्य से सम्मानित किए गए प्रधानाचार्यों में मीनाक्षी शर्मा ऐसी महिला प्रधानाचार्य हैं, जिन्होंने विद्यालय में आचार्य से शिक्षण कार्य प्रारंभ किया और प्रधानाचार्य बनकर विद्यालय तथा बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए अनेक आयाम स्थापित किए। विद्या भारती से संबद्ध सरस्वती विद्या मंदिर उच्च विद्यालय में गुरुकुल पद्धति पर आधारित संस्कारयुक्त शिक्षा का वातावरण देकर बच्चों के सर्वांगीण विकास में मीनाक्षी शर्मा की अहम भूमिका रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन करने वाले पैरा ओलंपिक निषाद कुमार भी इसी विद्यालय में पढ़कर निकले हैं और प्रधानाचार्य मीनाक्षी शर्मा ने उनका न केवल आर्थिक तौर पर सहयोग किया, अपितु उन्हें इस काबिल बनाया कि वह अपना भविष्य सुनहरा बना सके।